परिवार को उसका खोया बेटा मिलवाने का झांसा देकर ठगी का प्रयास, चार गिरफ्तार
सोनभद्र, 08 सितंबर (हि.स.)। चोपन थाना क्षेत्र में 13वर्ष से लापता हुए पुत्र के खोज के लिए एक ठग गिरोह द्वारा उसके बेटे से मिलवाने व घर वापसी का झांसा देकर पांच लाख रुपये की ठगी करने के प्रयास में पुलिस ने चार ठगों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार चारों अभियुक्त झारखंड राज्य के बलरामपुर जिले के निवासी हैं और साधु के वेश में भावनात्मक रूप से ठगी करने का कार्य करते है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने मंगलवार को बताया की चोपन क्षेत्र निवासी रामसूरत साहनी का पुत्र करीब 13 वर्षों से लापता था। इसी दौरान नाग पंचमी के अवसर पर रामसुरत साहनी के ननिहाल पीपरझगर थाना गढ़वा मध्यप्रदेश में दो व्यक्ति साधु के वेश में पहुंचे। दोनों व्यक्तियों ने परिवार के लोगों से संपर्क कर स्वयं को 13 वर्षों से लापता युवक बताया गया तथा परिवार एवं रिश्तेदारों के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया।
आरोपियों द्वारा सुनियोजित तरीके से परिवार की भावनाओं का फायदा उठाते हुए कथित युवक के परिवार से मिलने पर रोने का नाटक किया गया तथा लंबे समय बाद परिवार से मिलने की भावनात्मक स्थिति उत्पन्न की गई। बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए परिवार के लोगों को एक मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया गया। इसके बाद परिवार को विंध्याचल बुलाया गया। परिवार के लोग लापता बेटे के मिलने की उम्मीद में विंध्याचल पहुंचे, जहां आरोपितों ने कथित युवक को परिवार का बेटा साबित करने के लिए उसके शरीर पर मौजूद बताए जा रहे निशान भी दिखाए गए, जिससे परिजनों को उसकी पहचान के संबंध में विश्वास हो सके।
इसके पश्चात कथित युवक ने अपने गुरु की आज्ञा का हवाला देते हुए घर जाने से इनकार किया गया तथा गुरु को दक्षिणा एवं भंडारे के नाम पर 04 हजार लोगों को 04 बार भोजन कराने की बात कही गई। इसके लिए परिवार से पांच लाख रुपये की मांग की गई। पांच लाख रुपये की मांग सुनते ही साहनी परिवार सदमे में आ गया और कहां की हम लोग बहुत गरीब है इतना धन नहीं दे पायेंगे। तब आरोपितों ने रुपये नहीं देने पर परिवार में गंभीर बीमारियां होने तथा परिवार के पूरी तरह बर्बाद होने जैसी बातें कहकर भय एवं अंधविश्वास का माहौल बनाया गया। लापता बेटे को वापस पाने की उम्मीद में परिवार आरोपियों की बातों में आ गया तथा 05 लाख रुपये जुटाने का प्रयास शुरू कर दिया। पीड़ित परिवार ने आरोपितों के बताए गए बैंक खाते में एक लाख रुपये भेजा गया। इधर ठग गिरोह बार बार रूपये की मांग करते रहे और परिवार के लोगों को स्थान बदल बदल कर बुलवाते रहे। लगातार बढ़ती मांग एवं संदिग्ध गतिविधियों से परेशान होकर परिवार ने थाना चोपन पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू किया। पुलिस टीम ने मंगलवार की सुबह चोपन बैरीयर के पास से चारों अभियुक्त झुरा गोसाई, सिन्टू, सेहालु उर्फ सेलू और
संगल प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया है। सभी बलरामपुर जिला झारखंड के निवासी हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ अग्रिम कार्यवाही कर जेल भेजा जाएगा।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी

