फिरोजाबाद में पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार, महिला की हत्या और लूटपाट कांड में थे वांछित
फिरोजाबाद, 03 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फिरोजाबाद के थाना मक्खनपुर पुलिस व एसओजी टीम ने रविवार देर रात्रि विधवा महिला की हत्या कर लूटपाट करने वाले 02 अभियुक्तों को पुलिस मठभेड़ में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पैर में गोली लगने से घायल अभियुक्तों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
अपर पुलिस अधीक्षक देहात अनुज चौधरी ने बताया कि 23 जुलाई की देर रात्रि में अज्ञात बदमाश थाना मक्खनपुर क्षेत्र अन्तर्गत अकेली रह रही विधवा महिला सरोज देवी की धारदार हथियार से हत्या कर उनके घर से सोने के आभूषण एवं अन्य सामान लूट ले गए थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने घटना के खुलासे के लिए थाना मक्खनपुर पुलिस, एसओजी एवं सर्विलांस टीमों का गठन किया था।
उन्होंने बताया कि थानाध्यक्ष मक्खनपुर चमन कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ रविवार देर रात्रि क्षेत्र में गश्त पर थे तभी सूचना मिली कि लूट व हत्या के मामले में वांछित दो अभियुक्त खाटू श्याम मंदिर के पास हाईवे किनारे किसी घटना को कारित करने की फिराक में मोटरसाइकिल के साथ खड़े है। सूचना पर थाना मक्खनपुर पुलिस, एसओजी टीम ने घेराबंदी की तो संदिग्धों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्यवाही में संदिग्ध व्यक्तियों के पैर में गोली लग गई। जिससे वह घायल हो गये। घायल व्यक्तियों की पहचान थाना मक्खनपुर पर दर्ज लूट व हत्या के मामले में वांछित अभियुक्तगण लक्की पुत्र संजय निवासी रामबाग नगर नयी बस्ती सौ फुटा रोड कालिन्दीविहार थाना ट्रांस यमुना आगरा व आकाश उर्फ हनुमान पुत्र धर्मेन्द्र कुमार उर्फ पप्पू निवासी सदर बाजार कस्बा व थाना मक्खनपुर जनपद के रूप में हुई है। अभियुक्तों के कब्जे से 02 कंगन, 02 अंगूठियां, 02 अवैध तमंचा 315 बोर, 03 खोखा कारतूस, 02 जिंदा कारतूस, 01 मोटरसाइकिल एचएफ डीलक्स (बिना नम्बर प्लेट), मृतका का आधार कार्ड व मृतका का एसबीआई बैंक का एटीएम कार्ड बरामद हुआ है।
एएसपी ने बताया कि पूछताछ में अभियुक्तों ने घटना में अपने तीसरे साथी मोहित की संलिप्तता स्वीकार की है, जो वर्तमान में फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है। घायल अभियुक्तों को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। अभियुक्तगण के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

