बेटे की शादी में हर्ष फायरिंग करने वाले पिता और चाचा गिरफ्तार
शाहजहांपुर, 03 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद शाहजहांपुर के थाना खुदागंज क्षेत्र में वैवाहिक समारोह में हर्ष फायरिंग करने वाले दूल्हे के पिता और उसके छाेटे भाई यानी दूल्हे के चाचा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। हर्ष फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, खुदागंज थाना क्षेत्र के गांव बख़ौरा निवासी हरीश के पुत्र उदय प्रताप सिंह की शादी बीते 27 अप्रैल को थाना क्षेत्र के गांव जलालपुर निवासी एक युवती के साथ हुई थी। दूसरे दिन दुल्हन को विदा करकर हरीश अपने घर पर आये तो गाड़ी से दुल्हन को उतारने के दौरान हरीश व उनके भाई सतेन्द्र ने खुशी जाहिर करते हुए 315 बोर राइफल से ताबड़तोड़ कई राउण्ड फायरिंग की।
इस दौरान हर्ष फायरिंग का किसी ने वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रविवार को हरीश और उसके भाई सतेंद्र को गिरफ्तार कर लिया।
सतेंद्र और हरीश दोनों भाई है और मूल रूप से जनपद बदायूं के रहने वाले है। हरीश कुछ समय से यह परिवार सहित अपनी सुसराल बख़ौरा गांव में आकर रहने लगे। हरीश के नाम रायफल का लाइसेंस है और उसी रायफल से उसने फायरिंग की थी। जबकि सतेन्द्र ने शादी मे आये अपने रिस्तेदार सुधीश कुमार सिंह के असलहा से फायर किए थे।
क्षेत्राधिकारी तिलहर ज्योति यादव ने रविवार काे बताया कि हरीश, सतेंद्र और सुधीश के विरुद्ध बीएनएस की धारा 125 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 एवं 30 के अंतर्गत प्राथिमिकी दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमित कुमार शर्मा

