मासूम बच्ची से दरिंदगी करने वाला बुजुर्ग गिरफ्तार
हमीरपुर 01 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के राठ कस्बे में छह वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला बुधवार को सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित बुजुर्ग को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
कोतवाल अनूप सिंह ने बुधवार को बताया दिल्ली निवासी महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने भाई के घर राठ कस्बे के एक मोहल्ले में आई थी। आरोप है कि उसकी छह वर्षीय पुत्री पास की दुकान पर कुरकुरे लेने गई थी। इसी दौरान रामनगर मल्हौंवा रोड नहर बाईपास निवासी 75 वर्षीय चांद खां उसे बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। कुछ देर बाद जब मासूम घर लौटी तो उसकी हालत देखकर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई।
पूछताछ में घटना की जानकारी मिलने पर परिजन कोतवाली पहुंचे और आरोपित के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाल ने बताया पीड़ित की मां की तहरीर पर दुष्कर्म सहित पास्को एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आरोपित को जेल भेज दिया है।--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

