home page

पिता की पीटकर हत्या करने वाला पुत्र गिरफ्तार

 | 
पिता की पीटकर हत्या करने वाला पुत्र गिरफ्तार


बलरामपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। जनपद के तुलसीपुर कोतवाली क्षेत्र में नशे की हालत में अपने पिता की पीट-पीटकर हत्या करने वाले आरोपित पुत्र को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अधजली लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया है।

अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय ने सोमवार को बताया कि मृतक के बड़े बेटे जरवा राेड, लाल चाैराहा निवासी

राजू ने तहरीर देकर बताया था कि 25 जुलाई की रात उसका छोटा भाई पिंटू उर्फ करिया (21) अपनी बहन के साथ गाली-गलौज कर रहा था। पिता कल्लू (50) ने जब उसे रोकने का प्रयास किया तो आरोपित ने अधजली लकड़ी के डंडे से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आई मां पर भी उसने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल पिता को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुलसीपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना तुलसीपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

थाना प्रभारी सुधीर सिंह ने बताया कि आरोपित पिंटू उर्फ कालिया उर्फ करिया को जरवा रोड स्थित लाल चौराहा पेट्रोल पंप के पीछे से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त अधजली लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया गया। पूछताछ में आरोपित ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि विवाद के दौरान उसने गुस्से में अधजली लकड़ी से पिता पर लगातार वार किए। जब मां उन्हें बचाने आईं तो उन पर भी हमला कर दिया। आरोपित ने बताया कि उसने पिता को तब तक मारा, जब तक उनकी मौत नहीं हो गई। घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया। पूछताछ के दौरान आरोपित अपने किए पर पछतावा जताते हुए माफी मांगने लगा। लेकिन पुलिस ने आरोपित को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन