home page

पचास हजार रुपये का इनामी अपराधी सुल्तानपुर से गिरफ्तार, भेजा गया जेल

 | 
पचास हजार रुपये का इनामी अपराधी सुल्तानपुर से गिरफ्तार, भेजा गया जेल


22 दिसंबर 2014 की नौ लाख रुपये की लूट में था वांछित

फतेहपुर, 01 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले की औंग थाना पुलिस व एसटीएफ लखनऊ की संयुक्त टीम द्वारा बीती रात 50 हजार के इनामी अपराधी बाबा उर्फ मुन्ना उर्फ हसीन उल्ला को 12 साल पहले 09 लाख रुपये के लूट की घटना में सुल्तानपुर जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। कोर्ट में पेशी के बाद अभियुक्त को जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि 50 हजार के इनामी बाबा उर्फ मुन्ना उर्फ हसीनउल्ला को बीती रात औंग थाना पुलिस व एसटीएफ लखनऊ की संयुक्त टीम काे सुल्तानपुर से गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त विगत 22 दिसंबर 2014 की घटना में वांछित था। वादी श्रीपाल पांडेय पुत्र रामनारायण पांडेय, निवासी अहीपुर, थाना कल्याणपुर, जनपद फतेहपुर मोटरसाइकिल से जा रहे थे। रास्ते में अज्ञात बदमाशों ने पीछा कर हैडिंल में टंगे बैग को छीनकर 9 लाख रुपये लूट लिए थे। घटना के बाबत औंग थाना में 127/14 धारा 394/411/120 बी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। आईजी प्रयागराज ने फरार आराेपिताें पर 50 हजार का इनाम घोषित किया था।

बीती रात मुखबिर की सूचना पर एसटीफ लखनऊ टीम व थाना औंग पुलिस ने संयुक रूप से जाल बिछा कर आरोपित बाबा उर्फ मुन्ना, निवासी वज्जूपुर हडही, कोतवाली देहात, जनपद सुल्तानपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में अखिलेश पाल, राजकिशोर कुमार, अजय उर्फ हीरालाल और जावेद से लूटी गई 4 लाख रुपये की रकम पहले ही बरामद हो चुकी है। घटना के समय से ही सभी आरोपित फरार चल रहे थे। गिरफ्तार आरोपित का पुराना आपराधिक इतिहास भी है। इस पर 2016 में भी थाना औंग में 174 भादवि का मुकदमा दर्ज किया था।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार