पुत्र ने ईंट से कुचलकर की वृद्ध मां की हत्या, हत्यारोपित गिरफ्तार
फतेहपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में कलयुगी पुत्र ने वृद्ध मां को ईंट से कुचलकर हत्या कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपित बेटे राजू को हिरासत में ले लिया है।
बकेवर थाना क्षेत्र के दिलावलपुर गांव में निवासी सावित्री (69) घर में चारपाई पर सो रही थीं। इसी दौरान उनकी हत्या कर दी गई। परिजनों को जब घटना की जानकारी हुई तब पुलिस को घटना की जानकारी दी। परिजनों ने मृतका के बेटे राजू पर हत्या का आरोप लगाते हुए बताया कि घटना के समय वह नशे की हालत में था।
सावित्री के चार बेटे थे। सबसे बड़ा बेटा महेश करीब 25 वर्षों से अलग मकान में रहता है। दूसरा बेटा राम जीवन पिछले दो महीने से अपने मामा के यहां रह रहा है। तीसरे बेटे राजू पर मां की हत्या का आरोप है, जबकि सबसे छोटे बेटे की करीब पांच वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है।
परिवार में दो बेटियां भी हैं। बताया गया कि राजू की पत्नी घटना से तीन दिन पहले अपने मायके बौहारा, जहानाबाद चली गई थी।
थाना अध्यक्ष बृजेश कुमार यादव ने बताया कि आरोपी राजू को हिरासत में ले लिया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

