home page

रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार गर्भवती महिला की मौत,आक्रोशित परिजनों—ग्रामीणों ने कई घंटे लगाया जाम

 | 
रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार गर्भवती महिला की मौत,आक्रोशित परिजनों—ग्रामीणों ने कई घंटे लगाया जाम


फतेहपुर, 18 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में गुरुवार को मार्ग दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार एक गर्भवती महिला की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बांदा-सागर मार्ग पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। करीब एक किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई।

राधानगर थाना व मोहल्ला निवासी खुशबू देवी(35) पत्नी सुजान गुरुवार सुबह लगभग 10 बजे अपने भाई के साथ मोटरसाइकिल से जिला अस्पताल टीकाकरण कराने जा रही थीं। इसी दौरान राधानगर थाना क्षेत्र के देवीगंज पुल के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस ने मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खुशबू देवी बस के नीचे आ गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। गर्भवती महिला की मौत से परिवार में मातम गया। घटना से नाराज लोगों ने बांदा-सागर मार्ग पर जाम लगाकर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। जाम के चलते मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर किसी तरह जाम खुलवा कर यातायात को बहाल किया।

थानाध्यक्ष श्याम सुंदर श्रीवास्तव ने बताया कि रोडवेज बस की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार गर्भवती महिला की मौत हुई है। हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। बस और चालक की तलाश कर रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज जा रहा है। मामले की जांच करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार