home page

असनी कांड के मुख्य आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित

 | 
असनी कांड के मुख्य आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित


फतेहपुर, 30 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में शनिवार देर रात सेल्समैन के पुत्रों द्वारा गांव के ही एक अधेड़ व्यक्ति की गोली मारकर हत्या के मामले में रविवार को पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने फरार दो मुख्य आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये के ईनाम की घोषणा की है।

थाना हुसैनगंज के ग्राम असनी में शराब के ठेके के सामने कल देर रात विवाद के बाद मनीष दुबे (52) की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस अधीक्षक ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार मुख्य दो आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मुख्य अभियुक्त अमन सिंह व इंद्रेश विक्रम उर्फ मनू सिंह की गिरफ्तारी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।

प्रकरण में अब तक 07 लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिसमें देशी शराब की दुकान का सेल्समैन गोवर्धन निषाद और मुख्य आरोपियों के अन्य सहयोगी शामिल हैं। एसपी ने कहा कि आरोपियों को शरण देने, छिपाने या किसी भी प्रकार से सहयोग करने वालों को भी चिन्हित किया जा रहा है और उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार