पुलिस मुठभेड़ में दो गोतस्कर घायल, गिरफ्तार
फतेहपुर, 23 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में गुरुवार तड़के पहर पुलिस और गोतस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोवध निवारण अधिनियम के मुकदमे में वांछित चल रहे दो आरोपियों के पैर में गोली लगी। दोनों को गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
हथगाम थाना क्षेत्र के अंबापुर रोड पर आदर्श पब्लिक स्कूल के सामने स्थित आम और महुआ के बाग में पुलिस को सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध लोग गोतस्करी के इरादे से जमा हैं। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंच कर घेराबंदी की। इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की,जिसमें दो बदमाश घायल हो गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समीम और आफताब आलम के रूप में हुई है। दोनों गोवध निवारण अधिनियम के एक मुकदमे में वांछित चल रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे,जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस तीन लोहे के चापड़,एक लकड़ी का ठीहा, एक नीली पन्नी बिना नंबर प्लेट की चोरी की पैशन प्रो मोटरसाइकिल बरामद हुए हैं।
हथगाम थाना प्रभारी अरुण कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि घायल बदमाशों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है और उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

