फतेहपुर: मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर गोली से घायल, साथी फरार
फतेहपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में शुक्रवार को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हाे गई। कार्रवाई में वांछित अपराधी पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। उसे घायल अवस्था में तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है, जबकि उसका साथी फिरोज मौके से भागने में सफल रहा।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि कल्यानपुर थाना पुलिस आज भोर पहर बिंदकी रोड स्थित दादन खेड़ा मोड़ के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बोलोरो में आती दिखाई दी, जिसे रोकवा कर तलाशी लेने के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर कर भागने लगे। पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हाे गया, जबकि उसका साथी भाग निकला। घायल बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पकड़े गए बदशाश की पहचान प्रतापगढ़ जिले के ग्राम विसहिया निवासी शाहनवाज उर्फ साहिल के रूप में हुई है। वह फतेहपुर जिले के थाना कल्यानपुर में दर्ज एक मुकदमें में वांछित था। पुलिस रिकार्ड में गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध फतेहपुर सहित अन्य जिलाें के विभिन्न थानों में 24 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह हिस्ट्रीशीटर भी है। उसके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी खंगाली जा रही है।गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक बोलेरो वाहन, एक अवैध 315 बोर तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो मिस कारतूस, एक जिंदा कारतूस, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा दाे हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।अभियुक्त के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जेल भेजा जा रहा है तथा उसके साथी की तलाश में टीम काे लगाया गया है।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

