home page

फतेहपुर के चर्चित किसान हत्याकांड में सात आरोपित गिरफ्तार

 | 
फतेहपुर के चर्चित किसान हत्याकांड में सात आरोपित गिरफ्तार


फतेहपुर, 14 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक चर्चित हत्याकांड में गुरुवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया। इनमें छह आरोपित पहले से वांछित चल रहे थे, जबकि एक अन्य का नाम विवेचना के दौरान सामने आया। सभी आरोपिताें को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

खागा थान क्षेत्र में विगत 09 मई को किसान फूल सिंह लोधी हत्याकांड में परिजनों की तहरीर पर बनाए गये आरोपिताें में पवन सिंह उर्फ सदन, शैलेंद्र सिंह उर्फ वीरू, मदन उर्फ भूपेंद्र, नवल किशोर, धीरेंद्र सिंह उर्फ छोटू, योगेंद्र सिंह उर्फ बॉडी तथा अर्जुन पुत्र युवराज सिंह शामिल हैं। सभी आरोपिताें काे खागा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा दरभंगा से गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में आरोपिताें ने बताया कि उन्होंने जयसिंह से 13 बिस्वा जमीन 3 लाख 75 हजार रुपये में खरीदी थी। इसमें से ढाई लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका था, जबकि शेष रकम दाखिल-खारिज होने के बाद दी जानी थी। मृतक फूल सिंह ने जमीन के बैनामे पर आपत्ति दर्ज करा दी थी, जिससे दोनों पक्षों के बीच विवाद लगातार बढ़ता गया।

प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पांडे ने बताया कि गिरफ्तार आरोपिताें के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तीन बांस के डंडे, दो बांस की लाठियां तथा दो लोहे के पाइप बरामद किए हैं। विगत 09 मई को खेत में पानी लगाने के दौरान दोनों पक्षों में फिर विवाद हो गया। गुस्से में आकर आरोपियों ने फूल सिंह लोधी पर लाठी-डंडों और लोहे के पाइप से हमला कर दिया। फूल सिंह ने भागने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने पीछा कर दोबारा हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार