फतेहपुर : महिला हत्याकांड का मुख्य आरोपित परसू निषाद पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
फतेहपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में मंगलवार को महिला हत्याकाण्ड का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपित परसू निषाद को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है।
सोमवार बीती रात औंग थाना क्षेत्र में झाड़ियों में मिले महिला के क्षतविक्षत शव के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर घटना का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपित परसू निषाद को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम के द्वारा जब घेराबंदी की गई, उसी दौरान आरोपित परसू निषाद पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपित के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। आरोपित को घायलावस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि महिला की हत्या के मामले में एसओजी और सर्विलांस टीम की मदद से पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपित तक पहुंच बनाई। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह जानने के लिए गिरफ्तार आरोपित परसू निषाद से पूछताछ जारी है।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

