फतेहपुर : भीकमपुर जीजा हत्याकांड में गायब साले का शव बरामद
फतेहपुर, 05 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में औंग थाना क्षेत्र अंतर्गत भीकमपुर हत्याकांड में मृतक के गायब साले का भी शव शनिवार को कल्यानपुर थाना पुलिस ने बरामद किया है।
दो दिन पूर्व औंग थाना क्षेत्र के बहुचर्चित भीकमपुर हत्याकांड की गुत्थी और उलझ गई है। 48 घंटे से लापता चल रहे मृतक के साले राजू विश्वकर्मा(55) का शव आखिरकार कल्यानपुर थाना क्षेत्र के मुरादीपुर रामगंगा नहर पुल के पास से बरामद हुआ है।
थानाध्यक्ष कल्यानपुर तुषार श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस को रामगंगा नहर में आज दोपहर को ग्रामीणों ने एक शव उतराता देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस और परिजनों ने कपड़ों के आधार पर शव की शिनाख्त राजू विश्वकर्मा के रूप में की है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह और घटनाक्रम की कड़ियां साफ हो पाएंगी।
गौरतलब है कि भीकमपुर में दो दिन पहले घटना में जीजा पवन विश्वकर्मा साले राजू को अपने साथ ले गया था और बाद में अकेले वापस ससुराल आकर घर में घुसकर धारदार हथियार से साले राजेश विश्वकर्मा, सलहज व तीन भतीजों (मृतक साले राजू के पुत्र) सहित परिवार के पांच लोगों पर बांका से जानलेवा हमला कर घायल दिया था। इस दौरान आत्मरक्षा में ससुराजनों से हुई झड़प में आरोपित जीजा पवन विश्वकर्मा भी गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई थी। उसी दिन से राजू लापता था। पुलिस की कई टीमें लगातार नहर और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश कर रही थी। आज राजू का शव कल्यानपुर थाना पुलिस ने बरामद किया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ----------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

