home page

जमीन विवाद में युवक की हत्या, साथियों सहित ग्राम प्रधान पर हत्या का आरोप

 | 
जमीन विवाद में युवक की हत्या, साथियों सहित ग्राम प्रधान पर हत्या का आरोप


आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 05 टीमें गठित

फतेहपुर, 10 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में बीती रात जमीन विवाद में मारपीट के दौरान युवक की हत्या कर दी गई। परिजनों ने ग्राम प्रधान सहित उसके साथियों पर हत्या का आरोप लगाया है। अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी व थानाध्यक्ष ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का रात में निरीक्षण किया और पुलिस ने आराेपिताें की गिरफ्तारी के लिये दबिश का काम शुरु किया।

खागा थाना क्षेत्र के धरमंगतपुर नरवा गांव निवासी फूल सिंह लोधी (40) की जमीनी विवाद में बीती रात हत्या कर दी गई। शव पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। मृतक के परिजनों ने ग्राम प्रधान मदन लोधी और उसके साथियों पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू की है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक पक्ष और ग्राम प्रधान मदन लोधी के बीच जमीन की बिक्री और दाखिल-खारिज को लेकर पुराना विवाद था। 7 मई को मृतक के भाई से भी मदन लोधी और उसके साथियों ने मारपीट की थी। इस मामले में 8 मई को 4 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था, तभी से पुलिस आरोपिताें की तलाश में दबिश दे रही थी लेकिन वे घर से फरार थे।

घटना के बाद अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस की 5 टीमें गठित कर मुख्य आरोपित ग्राम प्रधान मदन लोधी और उसके सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी व थानाध्यक्ष ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का रात में निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में ग्राम प्रधान सहित उसके साथियों पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। आरोपिताें की जल्द गिरफ्तारी कर ली जायेगी।--------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार