home page

संदिग्ध अवस्था में युवक का शव पेड़ से लटकता मिला, प्रेमिका सहित पांच परिजनों पर हत्या का मुकदमा दर्ज

 | 
संदिग्ध अवस्था में युवक का शव पेड़ से लटकता मिला, प्रेमिका सहित पांच परिजनों पर हत्या का मुकदमा दर्ज


फतेहपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में गुरुवार सुबह प्रेम प्रसंग के चलते गाजियाबाद से अपनी प्रेमिका से मिलने आए युवक का शव संदिग्ध अवस्था में फाँसी के फंदे से लटकता बरामद हुआ है। मृतक के भाई ने सुनियोजित हत्या बताते हुए प्रेमिका और उसके परिजनों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। प्रेमिका सहित पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है।

बकेवर थाना क्षेत्र के शकूराबाद गांव में आज सुबह अंबेडकर नगर जिले के सम्मनपुर थाना क्षेत्र के हड़वा गांव निवासी अकमल(22) पुत्र मकसूद अहमद का शव गांव के बाहर पेड़ से फांसी के फंदे से झूलता शव बरामद हुआ है। मृतक के बड़े भाई अमजद खान ने बताया कि अकमल गाजियाबाद में नौकरी करता था। करीब डेढ़ वर्ष पहले सोशल मीडिया के माध्यम से फतेहपुर जिले के बकेवर थाना क्षेत्र के शकूराबाद गांव निवासी तहजीब उर्फ खुशबू से दोस्ती हुई। बाद में दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गये। दोनों के बीच लगातार बातचीत होती थी और कई बार मुलाकात भी हो चुकी थी। 04 अगस्त को प्रेमिका खुशबू ने अकमल को अपने घर बुलाया था। आज सुबह अकमल के फांसी लगाने की जानकारी मिली ।

मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि प्रेमिका और उसके परिजनों ने मिलकर अकमल की हत्या की और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को फांसी के फंदे से लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या का लगे। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। बकेवर थाना पुलिस ने प्रेमिका तहजीब उर्फ खुशबू पुत्री शफीक, रशीदा पत्नी शफीक, शफीक, सूफिया बेगम, नफीस और खुर्शीद के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है।

थानाध्यक्ष दिवाकर सिंह ने बताया कि घटना के पांच आरोपिताें पर मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपित प्रेमिका और उसकी मां को हिरासत में लेकर घटना की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, कॉल डिटेल और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार