home page

पुलिस मुठभेड़ में एक लाख का इनामियां सहित गोकशी गैंग के पांच सदस्य गिरफ्तार, दो घायल

 | 
पुलिस मुठभेड़ में एक लाख का इनामियां सहित गोकशी गैंग के पांच सदस्य गिरफ्तार, दो घायल


फतेहपुर, 08 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में मंगलवार को पुलिस और गोकशी गैंग के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस ने एक लाख का इनामी गैंगेस्टर समेत पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में गैंग के दो मुख्य शूटर पैर में गोली लगने से घायल हो गये हैं।

हथगाम थाना क्षेत्र के पट्टी शाह गांव के पास जंगल में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में रियाज कुरैशी व इसरार कुरैशी के पैर में गोली लगी है। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बता दें कि मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली कि हथगाम थाना क्षेत्र के पट्टी शाह गांव के पास जंगल में कुछ गोकश इकट्ठा हैं और गोकशी की फिराक में हैं। हथगाम थाना पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर बदमाशों ने तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस की जवाबी कार्रवाई में रियाज और इसरार गोली लगने से घायल होकर गिर पड़े। इसी दौरान जंगल से भाग रहे तीन अन्य गैंग के सदस्य शंकर शाहू, रेहान और हनीफ को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि मुख्य आरोपी रियाज कुरैशी शातिर गोकश है। उस पर फतेहपुर सहित अन्य जनपदों में 33 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। उस पर गैंगेस्टर एक्ट भी लगा है। दूसरा घायल इसरार कुरैशी पर भी फतेहपुर के विभिन्न थानों और अन्य जनपदों में 15 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

गिरफ्तार अन्य तीन सदस्य शंकर शाहू, रेहान और हनीफ के आपराधिक इतिहास को भी पुलिस खंगाल रही है। पुलिस ने गिरफ्तार गैंग के सदस्यों के कब्जे से दो देशी तमंचा, जिंदा कारतूस, दो मोटरसाइकिल और गोकशी में प्रयोग होने वाले धारदार उपकरण बरामद किए हैं।

उन्होंने बताया कि यह गैंग लंबे समय से इस क्षेत्र में सक्रिय था और जंगल में गोकशी की घटनाओं को अंजाम देता था। सभी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार