तहसील परिसर में मारपीट व जान से मारने की धमकी, पांच आरोपिताें पर मुकदमा दर्ज
फतेहपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में सदर तहसील परिसर में मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने वाला वीडियो वायरल होने पर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने गंभीरता से लिया है। मामले में शनिवार को पांच नामजद आरोपिताें पर शहर काेतवाली में मुकदमा दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक ने सभी पांचों वांछित आरोपिताें की गिरफ्तारी के लिए 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के सदर तहसील परिसर में 27 नवंबर दोपहर बाद मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की घटना हुई थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा था। पुलिस ने मामले को संज्ञान लेते हुए कोतवाली शहर में मुकदमा अपराध संख्या 579/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपिताें में केशव उर्फ रमेश व्यास पुत्र राजाराम अवस्थी, प्रमोद तिवारी पुत्र बाबूराम तिवारी, आयूष तिवारी पुत्र प्रमोद तिवारी, प्रियान्जल तिवारी पुत्र प्रमोद तिवारी और भोला तिवारी पुत्र द्वारिका तिवारी शामिल हैं। सभी आरोपित तिवारिन का बड़ा डेरा, सरकण्डी, थाना असोथर, जनपद फतेहपुर के निवासी बताए जा रहे हैं।
इस मामले में पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने आराेपिताें की गिरफ्तारी के लिए प्रत्येक पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घाेषित किया है।पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि आरोपिताें के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सही एवं उपयोगी सूचना देने वाले व्यक्ति को घोषित इनाम की धनराशि दी जाएगी। साथ ही सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। वहीं पुलिस की कई टीमें भी वांछित आरोपिताें की गिरफ्तारी के लिए प्रयास में जुट गई हैं।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

