home page

मुरादीपुर-बिंदकी मार्ग पर 30 विद्युत पोल से 15 लाख रुपये के विद्युत तार चोरी

 | 

फतेहपुर, 13 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में रविवार को मुरादीपुर-महरहा-बिंदकी मार्ग पर अज्ञात चोर 30 पोलों से करीब 15 लाख रुपये के विद्युत तार काट ले गए।

अवर अभियंता सुंदरम सिंह यादव ने बताया कि मलवां से बिंदकी रोड द्वितीय उपकेंद्र को जाने वाली 33 केवी लाइन ब्रेकडाउन में है। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के गुगौली गांव के बाहर बन रही 11 केवी लाइन के साथ 13 पोलों की 33 केवी (960 मीटर डॉग कंडक्टर, 2800 मीटर तार) और 17 पोलों की 11 केवी (3300 मीटर वीज़ल तार) चोरी हुई है, 03 पोल क्षतिग्रस्त हैं। चोरी व क्षतिग्रस्त सामान की कीमत लगभग 15 लाख रुपए है।

थाना प्रभारी तुषार श्रीवास्तव ने रविवार काे बताया कि मामले की सूचना मिलते ही अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से चोरों का पता लगाया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार