चारा लेने गई किशोरी के अपहरण का आरोप, मां ने जताई हत्या की आशंका
फतेहपुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक किशोरी का अपहरण हाे गया था। इस मामले में लड़की के परिजनों ने बेटी की हत्या की आशंका जताई है। थाना पुलिस की ओर से तहरीर पर शिकायत दर्ज न करने के मामले में सोमवार को पीड़ित महिला ने अपनी बेटी के अपहरण की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की है।
खखरेरू थाना क्षेत्र के तेजनीपुर की पीड़ित रतीमान निवासी शोभा देवी ने बताया कि विगत 07 अक्टूबर को उसकी पुत्री रिंकी घर से जानवरों के लिए चारा लेने खेत गई थी। उसी दौरान गांव के ही विमलेश पुरानी रंजिश के चलते बेटी को अपहरण कर उठा ले गया और उसकी हत्या करने की धमकी दे रहा है।
पीड़िता की मां पुष्पा देवी का वीडियो में रोते हुए बता रही है कि बिटिया चारा लेने गई, वापस नहीं आई। पता चला विमलेश चार लड़के बुला के पकड़ ले गया। हम उसके घर गए तो उसकी मां और बहन ने मेरे साथ मारपीट कर मुझे भगा दिया। बोल रहे हैं जो करना है कर लो, लड़की वापस नहीं देंगे। वहीं परिवार का आरोप है कि जब वे थाने गए तो पहले दिन शिकायतीपत्र बगैर लिए पुलिस ने उन्हें वापस कर दिया। दूसरे दिन दोबारा गए तो पुलिस ने कहा कि खर्चा लगेगा। पीड़िता का कहना है कि घर में कोई पुरुष नहीं है, पति और बेटा बाहर मजदूरी करते हैं। इससे उसकी और उसकी बेटी की जान को भी खतरा है। आज पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक को शिकायतीपत्र देते हुए मांग की है कि उसकी बेटी को अपहर्ताओं के चंगुल से छुड़ाए और मामले पर उचित कार्रवाई की जाए।
खखरेरू थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि थाने से उन्हें नहीं भगाया गया उनकी लड़की उस व्यक्ति के साथ अपनी मर्जी से गई है। लड़की बालिग है और अपनी मर्जी से उसने उस युवक से शादी कर ली है। उन्हें आज थाने बुलाया गया है। मामले की जांच की जा रही है।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

