home page

महिला की हत्या के आरोप में पति समेत छह ससुरालियाें पर मुकदमा दर्ज

 | 
महिला की हत्या के आरोप में पति समेत छह ससुरालियाें पर मुकदमा दर्ज


फतेहपुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में सोमवार को विवाहिता का शव फांसी पर झूलता हुआ मिला है। भाई ने बहन के पति समेत 06 ससुरालियाें पर दहेज की मांग पूरी न होने पर बहन की हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

जाफरगंज थाना क्षेत्र के शिवपुरी गांव निवासी सुरेश कुमार ने बताया कि उसकी बहन प्रियंका की शादी 29 नवंबर 2025 को रमदिनवा पुर निवासी विशम्भर के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के समय से ही ससुराल के लोग दिए गए दान-दहेज से संतुष्ट नहीं थे। वे नकदी, सोने के झाले, भैंस और बोलेनो कार की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर प्रियंका को कथित तौर पर लगातार प्रताड़ित किया जाता था। मायके वालों ने कई बार रुपये देकर ससुराल वालों को मनाने का प्रयास भी किया, लेकिन उत्पीड़न बंद नहीं हुआ।

मृतका के भाई ने तहरीर में बताया कि 8 अक्टूबर की सुबह करीब आठ बजे प्रियंका ने अपनी मां को फोन कर रोते हुए ससुराल वालों द्वारा गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की बात कही थी। प्रियंका ने परिजनों से बचाने की गुहार लगाई थी। साेमवार सुबह करीब 11:30 बजे के बीच मायके पक्ष को उसकी मौत की सूचना मिली। परिजन जब बहन की ससुराल पहुंचे तो प्रियंका का शव साड़ी के फंदे से पंखे के हुक पर लटका मिला। भाई ने बहन के पति विशम्भर, सास ननकी देवी, ससुर रामविशाल, दोनों ननदों और ननदोई प्रवेश पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है।

थानाध्यक्ष निरीक्षक प्रमोद कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जायेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार