अंतरजनपदीय बैटरी चोर गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार
फतेहपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में सोमवार को पुलिस ने बैटरी चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए अंतरजनपदीय बैटरी चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चार चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से विभिन्न कंपनियों की 27 छोटी-बड़ी चोरी की बैटरियां, दो चार पहिया वाहन, चोरी में प्रयुक्त उपकरण तथा 6,040 रुपये नकद बरामद किए हैं।
चांदपुर थानाध्यक्ष वृदावन राय ने बताया कि चांदपुर, जाफरगंज, सुल्तानपुर घोष और खागा थाना क्षेत्रों में बैटरी चोरी की कई घटनाओं के मामलों की जांच के दौरान मुखबिर की सूचना के आधार पर आज चेकिंग के दौरान मकरंदपुर चौराहे के पास से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकिब पुत्र साबिर, आमिर पुत्र अजहर, जावेद पुत्र गुलाम मोहम्मद तथा रवि गुप्ता पुत्र सुरेश चंद्र गुप्ता के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास से बरामद दो कारों का इस्तेमाल चोरी की घटनाओं में किया जाता था।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने मामले के अनावरण में शामिल पुलिस टीम को 25,000 के पुरस्कार से पुरस्कृत किया।
पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपियों ने फतेहपुर सहित आसपास के जनपदों में सड़क किनारे खड़े ई-रिक्शा, सोलर पंप और अन्य वाहनों से बैटरियां चोरी करने की बात स्वीकार की। चोरी की बैटरियां कबाड़ व्यवसायी को कम कीमत पर बेंचकर आर्थिक लाभ कमाने की बात भी सामने आई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में आगे की विवेचना जारी है।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में अतिरिक्त धाराओं की बढ़ोत्तरी करते हुए आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर जेल भेज दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

