अंतरजनपदीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, सात शातिर चोर गिरफ्तार
फतेहपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में बुधवार को पुलिस टीम ने मंगलवार काे अंतरजनपदीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिराेह में शामिल सात चाेराें काे गिरफ्तार किया है, जिनके पास से लाखों रुपये के जेवर, 34,400 रुपये नकद, आठ मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त कार बरामद की है।
सदर कोतवाली पुलिस ने सर्विलांस सेल व क्राइम डिटेक्शन टीम ने चोरी की दो बड़ी घटनाओं से संबंधित सात शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान विकास नागर, अनमाेल सिंह, जयशिव गुप्ता, विकास निषाद, राहुल गुप्ता, मिथुन सिंह और दीपक उर्फ अंशू हैं। इनमें 6 कानपुर नगर और बिहार के सीवान के रहने वाले हैं, जबकि एक फतेहपुर के बिंदकी का है।पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र में हुई चोरियों के खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया गया था। सीसीटीवी और सर्विलांस की मदद से सात शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। ये सभी चोर संगठित गिरोह बनाकर चार पहिया वाहन से दिन में बंद घरों की रेकी करते हुए चोरी करते थे। मौका देखकर ताला तोड़कर चोरी करते और माल आपस में बांट लेते। कुछ जेवर राह चलते लोगों को सस्ते में बेच देते। पुलिस से बचने के लिए कार पर राजनीतिक दल का स्टीकर लगा रखा था। गैंग ने फतेहपुर के अलावा मध्य प्रदेश में भी चोरी की वारदातें करना कबूल किया है। इनके कब्जे से चोरी का पूरा माल बरामद हुआ है। सभी को जेल भेजने की कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक ने सराहनीय कार्य के लिए टीम को 25 हजार रुपये इनाम से पुरस्कृत किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

