home page

ट्यूबवेल के कमरे में चल रहे जुए का भंडाफोड़, छह जुआरी गिरफ्तार

 | 
ट्यूबवेल के कमरे में चल रहे जुए का भंडाफोड़, छह जुआरी गिरफ्तार


पुलिस ने जुआरियों के कब्जे से 2.20 लाख रुपये नकद, 06 मोबाइल, 03 बाइक व 43 गड्डी ताश बरामद

फतेहपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में बिन्दकी थाना पुलिस ने शनिवार को जुए के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने फड़ से 02 लाख 20 हजार रुपये नकद बरामद करते हुए 06 जुआरियों को गिरफ्तार किया है।

बिन्दकी कोतवाल शैलेश कुमार सिंह ने बताया कि अपराध निरीक्षक के साथ पुलिस बल ललौली चौराहे पर शांति व्यवस्था एवं चेकिंग के लिए मौजूद थीं। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल के पीछे खेत में बने ट्यूबवेल के कमरे में कस्बा बिन्दकी और अन्य थाना क्षेत्रों के कुछ लोग संगठित होकर पिछले दो-तीन दिनों से जुआ खेल रहे हैं। गिरोह के कुछ लोग बाहर खड़े होकर निगरानी भी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही बिन्दकी पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश देकर जुआ खेल रहे छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार जुआरियों की पहचान राजेन्द्र कुमार निवासी ग्राम तेन्दुली थाना बिन्दकी, संजय सिंह निवासी ब्राह्मण टोला थाना खागा, राजू सिंह निवासी ग्राम गढ़ी थाना खागा, लतीफ अहमद निवासी महजरी थाना कोतवाली नगर, नफीस निवासी ब्राह्मण टोला थाना खागा और विपिन निवासी सिविल लाइन थाना कोतवाली नगर के रूप में की गई है।

आरोपितों के कब्जे से कुल 02 लाख 20 हजार रुपये बरामद किए। इसमें 01 लाख 73 हजार 700 रुपये मालफड़ से और 46 हजार 300 रुपये जामा तलाशी से मिले हैं। इसके अलावा छह एंड्रॉयड मोबाइल फोन, तीन मोटरसाइकिल, जुए में इस्तेमाल किए गए 208 ताश के पत्ते और 39 सीलबंद गड्डियां बरामद की गईं।

गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना बिन्दकी में मुकदमा दर्ज किया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।--------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार