मीरजापुर : किसान के खाते से चार लाख की साइबर ठगी, अपराधी की धरपकड़ में जुटी पुलिस
मीरजापुर, 11 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के रतेह चौराहा, सेमरा कलां गांव निवासी किसान लक्ष्मीकांत पांडेय के खाते से साइबर अपराधियों ने लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते से महज 15 मिनट के भीतर 4 लाख 110 रुपये 43 पैसे निकाल लिए। पीड़ित ने मामले की शिकायत ड्रमंडगंज थाने और साइबर सेल में दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पीड़ित किसान ने बताया कि उनका खाता इंडियन बैंक की पवांरी कलां शाखा में है। छह जुलाई को खाते से एक रुपये कटने का संदेश मिलने पर वह बैंक पहुंचे। वहां सहायक शाखा प्रबंधक ने बताया कि यह राशि बैंक की ओर से काटी गई है। इसके बाद नौ जुलाई की शाम अचानक उनके खाते से अलग-अलग ट्रांजैक्शन के माध्यम से कुल 4 लाख 110 रुपये 43 पैसे निकल गए।
खाते से लगातार धनराशि कटने की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद बैंक ने खाते पर होल्ड लगा दिया। पीड़ित लक्ष्मीकांत पांडेय का आरोप है कि यदि छह जुलाई को ही बैंक ने एहतियात के तौर पर खाते पर रोक लगा दी होती तो इतनी बड़ी साइबर ठगी न होती।
पीड़ित ने बताया कि उसकी वर्षों की गाढ़ी कमाई कुछ ही मिनटों में साइबर ठगों ने उड़ा दी। अब वह रकम वापस पाने के लिए पिछले तीन दिनों से थाने और संबंधित अधिकारियों के चक्कर लगा रहा है।
ड्रमंडगंज थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि मामले की शिकायत साइबर सेल को भेज दी गई है। साइबर विशेषज्ञ पूरे प्रकरण की जांच कर रहे हैं और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

