home page

11 नकली सोने की गुल्लियां थमाकर किसान से छह लाख ठगे

 | 
11 नकली सोने की गुल्लियां थमाकर किसान से छह लाख ठगे


- जिगना के बघेड़ा खुर्द में वारदात, चार आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

मीरजापुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। सोने के नाम पर लड्डू के आकार की 11 नकली गुल्लियां थमाकर गाजीपुर के एक किसान से छह लाख रुपये ठग लिए गए। मामले में जिगना पुलिस ने बघेड़ा खुर्द गांव के चार आरोपितों के खिलाफ ठगी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी में जुटी है।

गाजीपुर जिले के बहिरियाबाद थाना क्षेत्र के बधाई गांव निवासी सोनू यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि जिगना क्षेत्र के युवकों ने उन्हें सोने की गुल्लियां देने का झांसा दिया। उनके कहने पर वह बघेड़ा खुर्द गांव पहुंच गए। आरोप है कि चौराहे से कुछ दूर एकांत में बंधे के पास युवकों ने उन्हें लड्डू के आकार की 11 गुल्लियां थमा दीं और बदले में छह लाख रुपये नकद ले लिए।

आरोपितों के जाने के बाद किसान ने गुल्लियों को पत्थर पर घिसकर जांचा तो वे नकली निकलीं। ठगी का एहसास होने पर उन्होंने पुलिस से शिकायत की।

थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर बघेड़ा खुर्द निवासी राम निरंजन बिंद, धीरज बिंद, सचिन विश्वकर्मा और लवकुश बिंद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपितों को जल्द गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जा रही है।

स्थानीय स्तर पर बघेड़ा खुर्द और आसपास के गांवों में असली सोने के नाम पर नकली सोना बेचने वाले गिरोह के सक्रिय होने की बात भी सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा