शाहजहांपुर में नकली नोट बनाने और बाजार में खपाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पांच गिरफ्तार
शाहजहांपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में पुलिस ने नकली नाेट बनाने और बाजार में खपाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक महिला समेत पांच आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। आरोपिताें के कब्जे से 1 लाख 1 हजार 500 रुपये की कूटरचित करेंसी और 37 हजार 500 रुपये की असली करेंसी बरामद हुई है। पुलिस ने नकली नोट छापने में इस्तेमाल होने वाला प्रिंटर, सफेद कागज, कैंची और पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर देवेंद्र कुमार ने शुक्रवार काे बताया की एसओजी, सर्विलांस सेल और थाना सदर बाजार पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को सूचना पर एनसीसी तिराहे के पास घेराबंदी कर पांच आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान मोहम्मद आकिल और उसकी पत्नी रीना निवासी नवाबगंज, जनपद बरेली तथा सुहेल, इमरान और आशुतोष निवासी पिहानी, जनपद हरदोई के रूप में हुई है।
पूछताछ में मुख्य आरोपित आकिल ने पुलिस को बताया कि उसकी मुलाकात पिहानी निवासी मुकर्रम उर्फ ठाकुर से हुई थी। मुकर्रम ने उसे 35 हजार रुपये के बदले 50 हजार रुपये की नकली करेंसी उपलब्ध कराने की बात कही थी। इसके बाद आकिल की मुलाकात दिल्ली के सीलमपुर मेट्रो स्टेशन के पास इमरान से हुई। आरोप है कि आकिल ने इमरान को 35 हजार रुपये देकर नोटों की गड्डी ली, लेकिन बाद में पता चला कि सभी नोट नकली थे और उन पर 'मनोरंजन बैंक' लिखा हुआ था।
बाद में इमरान ने आकिल को पिहानी बुलाकर नकली नोट छापने की व्यवस्था करने की बात कही। इसके लिए एक फोटोग्राफर और अन्य लोगों को भी शामिल किया गया। पूछताछ में आकिल ने अपनी पत्नी रीना को भी इस काम में शामिल करने और बरेली तथा शाहजहांपुर समेत अन्य स्थानों पर थोड़ी-थोड़ी मात्रा में नकली नोट चलाने की बात स्वीकार की है।
एएसपी ने बताया की, आरोपित प्रिंटर की मदद से नकली नोट तैयार कर रहे थे। शुक्रवार को वे प्रिंटर और नकली नोट लेकर बरेली के नवाबगंज जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने थाना सदर बाजार में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में अभियोग दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमित कुमार शर्मा

