home page

शाहजहांपुर में 6.49 लाख रुपये की कथित लूट का छह घंटे में खुलासा, कंपनी का कलेक्शन एजेंट ही निकला साजिशकर्ता

 | 
शाहजहांपुर में 6.49 लाख रुपये की कथित लूट का छह घंटे में खुलासा, कंपनी का कलेक्शन एजेंट ही निकला साजिशकर्ता


कंपनी की धनराशि हड़पने के इरादे से रची थी लूट की झूठी कहानी, खाली बैग में कागज रखकर झाड़ियों में फेंका; पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया

शाहजहांपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में 6 लाख 49 हजार रुपये की कथित लूट की घटना का पुलिस ने छह घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस के अनुसार, स्पाइस मनी कंपनी के कलेक्शन एजेंट ने कंपनी की धनराशि हड़पने के उद्देश्य से लूट की झूठी कहानी रची थी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस अधीक्षक नगर देवेंद्र कुमार ने बताया कि, गुरुवार सुबह करीब ग्यारह बजे स्पाइस मनी कंपनी के कलेक्शन एजेंट अयाज मोहम्मद खान (42), निवासी मोहल्ला महमद हद्दफ, थाना सदर बाजार ने डायल-112 पर सूचना दी कि वह कंपनी के 6 लाख 49 हजार रुपये बैंक में जमा करने जा रहा था। इसी दौरान नगर पालिका ककरा खुर्द के पास मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने उससे रकम लूट ली।

सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कई टीमें गठित कीं। घटनास्थल और आसपास के मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। एसओजी, सर्विलांस और साइबर सेल की टीमों ने मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और बैंक ट्रांजेक्शन की जांच की। जांच के दौरान एजेंट की गतिविधियां संदिग्ध मिलने पर उससे गहन पूछताछ की गई।

जांच में सामने आया कि एजेंट को कंपनी ने 10 लाख रुपये की ओवरड्राफ्ट लिमिट दी थी, जिसे कम कारोबार के कारण घटाकर पांच लाख रुपये कर दिया गया था। एजेंट को कारोबार में करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ था और कंपनी की धनराशि जमा करने का दबाव बनाया जा रहा था। इसी के चलते उसने कथित लूट की साजिश रची।

पुलिस के अनुसार, एजेंट घर से निकलने के बाद बैंक जाने के बजाय कोतवाली क्षेत्र में अंकित की दुकान पर पहुंचा। इसके बाद ककरा पुल के पास उसने अपना बैग झाड़ियों में फेंक दिया। बैग में नकदी के स्थान पर कागज के टुकड़े रखे थे। बाद में वह एक ऐसी जगह पहुंचा, जहां सीसीटीवी कैमरे नहीं थे और लूट होने का शोर मचाने लगा। इसके बाद उसने डायल-112 पर सूचना दी।

एसपी सिटी ने बताया कि, पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने लूट की झूठी कहानी रचने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने झाड़ियों से पिट्ठू बैग बरामद किया, जिसमें कोरे कागज, पैड, पेन, बैंक बाउचर और रबर मिले। एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।

इस मामले में कंपनी के कलेक्शन हेड की तहरीर पर थाना कोतवाली में बीएनएस की धारा 318(4)/316(5) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस मामले में अग्रिम कार्यवाही कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / अमित कुमार शर्मा