पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़, पांच गिरफ्तार
रायबरेली, 25 मार्च(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में अलग अलग दो थाना क्षेत्रों में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। पांच शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है, जिनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जिले के नसीराबाद और बछरावां में मंगलवार देर रात गश्त के दौरान पुलिस को संदिग्ध अवस्था मे लग रहे कुछ लोगों को रोका ताे उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जबाबी फायरिंग से सूरज और मार्को काे गोली लगी। मनीष, पिंटू और अनिकेत गिरफ्तार किए गये हैं। पुलिस के अनुसार ये सभी अंतरजनपदीय गैंग के शातिर लुटेरे हैं। इनके कब्जे से ईको स्पोर्ट कार व बाइक बरामद हुई है। इसके साथ ही तमंचा व कारतूस भी बरामद हुआ है।
अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा ने बताया कि नसीराबाद में एक ईको गाड़ी और मोटरसाइकिल पर सवार संदिग्ध व्यक्तियों को पुलिस ने रोकने की कोशिश की। ईको गाड़ी नसीराबाद की तरफ भाग गई, जबकि मोटरसाइकिल सवार फिसल कर गिर पड़े। इसके बाद बदमाश भागने लगे। पुलिस ने जब पीछा किया तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में अपराधी सूरज गोली लगने से घायल हो गया।
इसके साथ ही कंट्रोल रूम से जिले की अन्य थाना पुलिस को ईको गाड़ी सवारों के भागने की सूचना दी गई। ईको में सवार शातिर बदमाशों को बछरावां इलाके में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपिताें के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है। इसके अलावा पूछताछ कर उनके गिरोह का पता लगाया जा रहा है।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे

