home page

मुठभेड़ में दो लुटेरे गिरफ्तार, एक को गोली लगी, सिपाही भी घायल

 | 
मुठभेड़ में दो लुटेरे गिरफ्तार, एक को गोली लगी, सिपाही भी घायल


मुठभेड़ में दो लुटेरे गिरफ्तार, एक को गोली लगी, सिपाही भी घायल


फिरोजाबाद, 02 मार्च (हि.स.)। थाना नसीरपुर पुलिस टीम ने रविवार देर रात्रि बुकिंग के बाद रास्ते में चालक से ऑटो, नकदी व मोबाइल लूटने वाले दो लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पैर में गोली लगने से घायल एक लुटेरे को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

अपर पुलिस अधीक्षक देहात अनुज चौधरी ने बताया कि थाना नसीरपुर क्षेत्र अन्तर्गत राजेश कुमार ऑटो चलाने का काम करता है। 01 मार्च की रात्रि में 02 व्यक्तियों ने उसका ऑटो शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन से ग्राम रपड़ी जाने के लिये बुक किया था। रास्ते में बुकिंग करने वाले दोनों व्यक्तियों द्वारा उसका ऑटो, मोबाइल फोन एवं 1,200 रुपए लूट लिये। पीड़ित ने थाने पर तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी।

उन्होंने बताया कि थाना प्रभारी नसीरपुर ज्ञानेन्द्र सिंह सोलंकी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। तभी सूचना मिली कि लुटेरों ने लूटे गये ऑटो को ग्राम रपडी के जंगल में छिपाया है तथा अभियुक्त लूटे गए ऑटो को बेचने की फिराक में बहोरी डाण्डा से सहजादपुर डिडौली की तरफ जाने वाले रास्ते से आ रहे हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो ऑटो चला रहा संदिग्ध ऑटो चालक, ऑटो को कच्चे रास्ते पर मोड़कर भागने लगा। ऑटो में सवार एक अन्य संदिग्ध ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। अभियुक्त द्वारा की गयी फायरिंग में गोली थाना नसीरपुर पुलिस टीम के एचसीपी जितेन्द्र राजौरिया के हाथ को छूती हुई निकल गयी। जिससे वह घायल हो गये। थाना नसीरपुर पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ की गयी जबावी कार्यवाही में 01 संदिग्ध व्यक्ति के पैर गोली लग गयी। थाना नसीरपुर पुलिस टीम द्वारा ऑटो की घेराबन्दी कर दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। घायल अभियुक्त की पहचान सोनवीर उर्फ सोनू पुत्र रामदास निवासी ग्राम खितौली थाना नसीरपुर जिला फिरोजाबाद हाल निवासी शम्भू नगर पालीवाल चौराहा किराये का मकान थाना शिकोहाबाद तथा दूसरे अभियुक्त की पहचान प्रशान्त उर्फ भोला पुत्र सतीश चन्द्र निवासी ग्राम खितौली थाना नसीरपुर जिला फिरोजाबाद के रूप में हुई है। अभियुक्तगण के कब्जे से 01 अवैध तमंचा,01 जिन्दा कारतूस, 02 खोखा कारतूस, लूटे रुपयों में से 1,000 रुपये नकद, लूटा गया मोबाइल फोन एवं ऑटो बरामद हुए हैं।

एएसपी ने बताया कि घायल अभियुक्त सोनवीर उर्फ सोनू को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

अभियुक्तगण के विरुद्ध अग्रिम आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़