मुठभेड़ में हत्यारोपी पुत्र घायल,जमीनी विवाद में की थी पिता की हत्या
फिरोजाबाद, 23 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में थाना शिकोहाबाद पुलिस टीम ने बुधवार देर रात्रि मुठभेड़ में पिता की सिर पर भारी वस्तु प्रहार कर हत्या करने के आरोपित पुत्र को गिरफ्तार कर लिया । पुलिस ने पैर में गोली लगने से घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
अपर पुलिस अधीक्षक देहात अनुज चौधरी ने बताया कि 19 अप्रैल की रात्रि गांव नगला सुन्दर स्थित खेत पर बने मकान के बाहर सो रहे वृद्ध सुघर सिंह (80) पुत्र लटूरी सिंह की सिर पर भारी वस्तु प्रहार कर हत्या कर दी गई गई थी। अगले दिन जाकारी के बाद मृतक के बेटे ने भाई जर्मन सिंह पर जमीनी विवाद में पिता की हत्या करने का आरोप लगाया था। मृतक के पुत्र ने थाने पर मुकदमा दर्ज कराया था। हत्यारोपित पुत्र घटना के बाद से फरार था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
उन्होंने बताया कि थाना प्रभारी शिकोहाबाद अनुज कुमार पुलिस टीम के साथ बुधवार देर रात्रि क्षेत्र में गश्त पर थे। तभी सूचना मिली कि पिता की हत्या करने वाला अभियुक्त जर्मन नगला जवाहर की पुलिया की तरफ बंबे की पटरी पर छिपे-छिपाये घूम रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। इसी दौरान पुलिस टीम पर एक संदिग्ध ने जान से मारने की नीयत से फायर किया। आत्मरक्षार्थ पुलिस टीम द्वारा की गयी जवाबी फायरिंग में अभियुक्त के पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घायल अभियुक्त की पहचान जर्मन सिंह पुत्र सुघर सिंह निवासी बढाईपुरा थाना नसीरपुर जनपद के रुप में हुई है। अभियुक्त के कब्जे से अवैध तमंचा 315 बोर, एक खोखा, एक जिन्दा कारतूस 315 बोर व घटना में प्रयुक्त एक लोहे का सब्बल (आलाकत्ल) बरामद हुए है।
एएसपी ने बताया कि घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया है। विधिक कार्यवाही की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

