(संशोधित) लखनऊ : महिला की हत्या में फरार इनामी बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
लखनऊ, 29 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के कृष्णानगर थानाक्षेत्र में सर्विलांस टीम और स्थानीय थाना पुलिस ने महिला की हत्या में फरार 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। आरोपित के पैर में गोली लगी है। उसके कब्जे से तमंचा मय कारतूस और अन्य चीजें बरामद हुई हैं।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) मो. मुश्ताक ने मंगलवार को बताया कि नारायणपुरी निवासी रेखा सिंह ने 15 सितंबर को थाना में तहरीर दी थी कि उनकी बेटी राधा की ईंट से प्रहार करके हत्या कर दी गई। घटना के खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया गया था। घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों के लगभग 150-170 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का गहन जांच कर आरोपित की तलाश की जा रही थी। सोमवार की रात चेकिंग के दौरान एक स्कूटी सवार को पुलिस टीम ने रोकने का प्रयास किया तो वह रुकने की बजाए भागने लगा। डूडा काॅलोनी, आशाराम बापू मार्ग विजयनगर के पास पहुंचने पर वह असंतुलित होकर गिर गया। पुलिस से खुद को घिरता हुआ देखकर आरोपित ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपित के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपित की पहचान उन्नाव जिले के ग्राम नदौहा निवासी भोला राजपूत के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपित हत्या के मुकदमे में वांछित था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसे इलाज के लिए लोकबन्धु चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। पुलिस ने घटना स्थल से फॉरेंसिक टीम के साथ साक्ष्य एकत्र किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

