बदायूं में 50 हजार का इनामी ढेर, दाे पुलिसकर्मी घायल
बदायूं, 02 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में बुधवार देर रात को सिविल लाइन थाना पुलिस की एक बदमाश से मुठभेड़ हो गई। इस कार्रवाई में पुलिस की गोली से बदमाश मारा गया तो वहीं दो पुलिस कर्मी घायल हुए हैं। घायल पुलिस कर्मियाें को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अंकिता शर्मा ने बताया कि बुधवार देर रात को जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। सिविल लाइन पुलिस ने चेकिंग के दौरान जब एक संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। गोली लगने से दो पुलिस कर्मी घायल हुए तो आत्मरक्षार्थ चलाई गई गोली से बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने तीनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। चिकित्सक ने इलाज के दौरान बदमाश को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दो पुलिस कर्मियों का उपचार किया जा रहा है।
एसएसपी ने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए बदमाश की पहचान हाल पता संभल जिले के बनियाठेर निवासी जितेन्द्र उर्फ ढालू (35) के रूप में हुई है। इस्लामनगर थानाक्षेत्र में डकैती की घटना में वह वांछित था। डीआईजी बरेली की ओर से उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। उसके खिलाफ नोएडा, अमरोहा समेत अन्य जिलों में लूट,डकैती जैसी गंभीर धाराओं में लगभग 12 से अधिक अपराधिक मुकदमें दर्ज हैं। उसके पास से सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल, भारी मात्रा में कारतूस और कुछ जेवर बरामद हुए है। इसमें पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

