मुजफ्फरनगर : एनकाउंटर में मारा गया छोटा राजन गैंग का गुर्गा सतपाल
— यूपी हरियाणा, पंजाब के राज्यों में दर्ज हैं अपराधिक मुकदमें, 25 हजार का था इनाम
मुजफ्फरनगर, 23 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में सोमवार की देर रात को सिविल लाइन थाना पुलिस, एसओजी टीम की इनामी बदमाश से मुठभेड़ हो गई। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके खिलाफ यूपी, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 30 से अधिक मुकदमें दर्ज हैं। छोटी—छोटी लड़कियों का अपहरण कर उनसे दुष्कर्म करना उसका पेशा था। वह छोटा राजन गैंग का गुर्गा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार वर्मा ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि 19 जून को कचहरी से एक नाबालिग लड़की का अपहरण कर लिया गया था। इस मामले में पुलिस की 10 टीमों को लगाया गया था। सोमवार देर रात को पुलिस को उसकी लोकेशन इलाके में मिली थी। इसके बाद पुलिस और एसओजी की सयुंक्त टीम ने दो टीमों को बनाकर चेकिंग शुरू कर दी। पहली टीम रामपुर तिराहे से शहर की तरफ और दूसरी टीम मुजफ्फरनगर की तरफ से रामपुर तिराहे की तरफ आने जाने वाली सभी वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक कार रामपुर तिराहे की तरफ आती हुई दिखाई दी, जिसे पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया तो अभियुक्त ने वाहन को तेजी से मोड़कर बामनहेडी रेलवे स्टेशन की तरफ भागने लगा।
पुलिस टीम ने कार सवार का पीछा किया तो आगे चलकर घना जंगल होने की वजह से रास्ता बन्द हो गया। पुलिस टीम ने बदमाश की घेराबन्दी की तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। इसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गये। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई और दोनों पैर में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस दौरान उसकी तबीयत बिगड़ने पर वेंटीलेटर पर रखा गया, जहां मंगलवार दोपहर को डॉक्टरों ने बदमाश को मृत घोषित कर दिया।
एसएसपी ने बताया कि बदमाश की पहचान चंडीगढ़ के रामदरबार निवासी सतपाल उर्फ सत्तू के रूप में हुई है। पुलिस को उसके पास से एक पिस्टल, तमंचा और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किया है। अभियुक्त सतपाल उर्फ सत्तू अन्तराज्यीय अपराधी है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों पर हत्या, लूट, दुष्कर्म अपहरण जैसी गंभीर धाराओं में करीब 30 मुकदमें दर्ज है। वह चंडीगढ़ के थाने से हिस्ट्रीशीटर था। अभियुक्त के कुख्यात छोटा राजन गैंग से संबंध रहे हैं। अभियुक्त फरवरी माह से लुधियाना जेल से फरार था। फरार होने के उपरान्त अभियुक्त द्वारा पंजाब से आकर उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर नाबालिग किशोरियों का अपहरण व दुष्कर्म करने की घटनाएं कारित की गयी। सिविल लाइन थाना में दर्ज मुकदमें में उसके खिलाफ 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

