home page

मुठभेड़ में आगरा का टप्पेबाज घायल

 | 
मुठभेड़ में आगरा का टप्पेबाज घायल


फिरोजाबाद, 09 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में थाना उत्तर पुलिस टीम ने बुधवार देर रात मुठभेड़ में टप्पेबाजी की घटना कारित करने वाले आगरा के एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पैर में गोली लगने से घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि 03 अप्रैल को थाना उत्तर क्षेत्रान्तर्गत टप्पेबाजी की घटना हुई थी। पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के खुलासे के लिए 02 पुलिस टीमो का गठन किया गया। पुलिस की जांच, सीसीटीवी कैमरे एवं इलैक्ट्रोनिक साक्ष्य संकलन के के आधार पर 03 अभियुक्तगण प्रकाश में आये।

उन्होंने बताया कि थाना उत्तर प्रभारी अंजीश कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ बुधवार देर रात क्षेत्र में गश्त पर थे । तभी सूचना मिली कि प्रकाश में आए अभियुक्तो में से एक अभियुक्त गौरव पुत्र राकेश निवासी शाहगंज जनपद आगरा बैंदी की पुलिया पर अपने साथियों का इंतजार कर रहा है। सूचना पर उन्होंने पुलिस व एसओजी टीम के साथ दबिश दी। पुलिस को देख संदिग्ध ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायर किया। आत्मरक्षार्थ पुलिस टीम की जबावी फायरिंग में अभियुक्त के पैर में गोली लग गयी। अभियुक्त की पहचान गौरव पुत्र राकेश निवासी पृथ्वीनाथ फाटक जोगीपाडा आजमपाडा रोड डॉक्टर वाली गली थाना शाहगंज जनपद आगरा के रुप में हुई। अभियुक्त के कब्जे से 01 तमंचा 315 बोर, 02 जिंदा कारतूस, 01 खोखा कारतूस व घटना में प्रयुक्त एक मोटर साइकिल व 16500 रुपये बरामद हुए है।

एएसपी ने बताया कि घायल अभियुक्त को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया है।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़