पुलिस मुठभेड़ : 25 हजार का इनामी बदमाश घायल
गौकशी के मामले में था वांछित, पुलिस जीप में लगी गोली; तमंचा और कारतूस बरामद।
औरैया, 12 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में भीखेपुर-जुआ मार्ग पर बुधवार को पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, बदमाश ने घिरने पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि गौकशी के मामले में वांछित चल रहा 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश क्षेत्र में मौजूद है और भागने की फिराक में है। सूचना पर अजीतमल कोतवाली पुलिस के साथ स्वाट और सर्विलांस टीम ने भीखेपुर-जुआ मार्ग पर चेकिंग शुरू कर दी।
इसी दौरान बाइक सवार एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने बाइक रोकने के बजाय तेजी से भगाने का प्रयास किया। कुछ दूर जाने के बाद बाइक फिसल गई। खुद को पुलिस से घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
सीओ अजीतमल मनोज गंगवार के मुताबिक, आरोपी की ओर से चलाई गई एक गोली थाना प्रभारी की जीप में लगी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान वारिस उर्फ राजा निवासी अजीतमल, औरैया के रूप में की है। उसके कब्जे से एक तमंचा, चार जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और बिना नंबर की बाइक बरामद हुई है।
सीओ ने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगालने पर उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज मिले हैं। पुलिस अब उसके अन्य आपराधिक मामलों और साथियों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

