लूट का आरोपित पुलिस मुठभेड़ में घायल
शाहजहांपुर, 05 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद शाहजहांपुर के थाना निगोही क्षेत्र में बीती देर रात पुलिस और लूट के एक आरोपित के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपित के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। उसे उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक नगर देवेंद्र कुमार ने मंगलवार को बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि लूट के मामले में वांछित एक आरोपित मोटरसाइकिल से हमजापुर चौराहे की ओर किसी वारदात को अंजाम देने जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने क्षेत्र में चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह भागने लगा और अपनी मोटरसाइकिल ग्राम कटैया उस्मानपुर की ओर मोड़ दी। पुलिस ने उसका पीछा किया। भागने के दौरान जल्दबाजी में आरोपित की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें जनपद हरदोई के शाहबाद थाना क्षेत्र निवासी वीरेश उर्फ शिवा राठौर के पैर में गोली लग गई और वह मौके पर ही गिर गया।
एसपी सिटी ने बताया कि,आरोपित जिस मोटरसाइकिल से भाग रहा था, वह चोरी की थी। उसके पास से एक अवैध हथियार और एक महिला से लूटा गया कुंडल भी बरामद किया गया है।
उन्होंने बताया कि बीते 17 अप्रैल को बेटे की दवा लेकर लौट रही निगोही के अस्फाक नगर निवासी सुमन देवी से एक मैरिज लॉन के पास झपट्टा मारकर कुंडल लूट लिया गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमित कुमार शर्मा

