शाहजहांपुर : मुठभेड़ में 25 से अधिक मुकदमों का आरोपी गिरफ्तार, सिपाही घायल
शाहजहाँपुर, 7 नवंबर (हि. स्.) उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में रामचंद्र मिशन थाना पुलिस ने नकबजनी के एक मामले में वांछित आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि आरोपी की फायरिंग में एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, 15 जून 2026 को नुसरतपुर उर्फ बाड़ीगांव निवासी रियासत के घर की दीवार तोड़कर चोरों ने 10 ग्राम झुमकी और 20 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए थे। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस टीम छह नवंबर की रात हरदोई चौराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मामले में वांछित आरोपी राजेश उर्फ कमती निवासी बढ़खर, थाना मोहम्मदी, जनपद लखीमपुर खीरी, नेशनल हाईवे पर सराय काइयां जाने वाले रास्ते के पास मौजूद है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर देवेंद्र कुमार ने बताया कि, पुलिस टीम को देखकर आरोपी ने तमंचे से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की गोली से आरक्षी लवकुश भी घायल हो गया। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने - चांदी के आभूषण, एक देशी तमंचा, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी एक अन्य मुकदमे में भी वांछित था और उसके खिलाफ विभिन्न जनपदों में 25 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमित कुमार शर्मा

