home page

मुकदमे में वांछित मुठभेड़ में गिरफ्तार,गोली लगने से  सिपाही और आरोपित घायल

 | 
मुकदमे में वांछित मुठभेड़ में गिरफ्तार,गोली लगने से  सिपाही और आरोपित घायल


शाहजहांपुर, 09 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद शाहजहांपुर के थाना जलालाबाद क्षेत्र में युवक को गोली मारने वाले वांछित आरोपित और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से हुई फायरिंग में आरोपित और एक सिपाही घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने शनिवार को बताया कि बीती देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि युवक को गोली मारकर घायल करने के मामले में वांछित आरोपित ग्राम पल्हरई से गंगा एक्सप्रेस-वे की तरफ जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने पलहरई गांव के पास चेकिंग शुरू कर दी।

इसी दौरान ग्राम पल्हरई से गंगा एक्सप्रेस-वे की ओर आने वाले संपर्क मार्ग पर एक मोटर साइकिल सवार आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने मोटरसाइकिल की रफ्तार बढ़ा दी। भागने के दौरान जल्दबाजी में उसकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद आरोपित ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

आरोपित की ओर से की गई फायरिंग में सिपाही शुभम सैनी के हाथ को छूते हुए गोली निकल गई। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें थाना कांट क्षेत्र के गांव सैदपुर निवासी अवनीश के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।

प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि बीते बुधवार को मदनापुर थाना क्षेत्र के गांव पेहना निवासी अमित सिंह को ग्राम टापर के पास गोली मारकर घायल कर दिया गया था। अमित के पिता ने अज्ञात हमलावर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जांच के दौरान अवनीश का नाम सामने आने पर पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

पूछताछ में अवनीश ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी और अमित के बीच अवैध संबंध थे। इसकी जानकारी होने पर उसने अमित को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। बुधवार शाम उसने ग्राम टापर के पास अमित के सिर में गोली मार दी और उसे मृत समझकर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, बीती रात अवनीश गंगा एक्सप्रेस-वे के रास्ते फरीदाबाद भागने की फिराक में था, तभी पुलिस ने मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमित कुमार शर्मा