कुख्यात हिस्ट्रीशीटर बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार
इटावा, 14 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के इटावा जनपद में थाना फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस और कुख्यात हिस्ट्रीशीटर बदमाश के बीच मंगलवार की देर रात काे मुठभेड़ हो गई। पुलिस की गोली से हिस्ट्रीशीटर घायल हुआ। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ 12 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
क्षेत्राधिकारी नगर अवनीश कुमार सिंह ने बुधवार काे बताया कि थाना फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस दतावली नहर पुल पर वाहन चेकिंग कर रही थी। तभी एक सफेद मोटरसाइकिल पर आ रहे बदमाश को पुलिस ने रुकने का इशारा किया ताे वह पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। पुलिस की जवाबी कार्यवाही में गोली लगने से बदमाश घायल हाे गया है। पुलिस ने उसे और उसके साथी काे गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से एक तमंचा एक खोखा, एक जिंदा कारतूस और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है, जो सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी से चुराई थी।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश का नाम आकाश उर्फ चिन्ना है, जो कि थाना फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र के अंतर्गत वह कोकपुरा का रहने वाला है। गिरफ्तार बदमाश के खिलाफ 12 से अधिक मुकदमें अलग-अलग थानाें में दर्ज हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित सिंह

