home page

रायबरेली में दो मुठभेड़ : क्रास फायरिंग में सात शातिर बदमाश गिरफ्तार,तीन अपराधी घायल

 | 
रायबरेली में दो मुठभेड़ : क्रास फायरिंग में सात शातिर बदमाश गिरफ्तार,तीन अपराधी घायल


रायबरेली, 06 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के रायबरेली में बुधवार काे दो अलग-अलग हुई दाे मुठभेड़ों में पुलिस ने सात शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान पुलिस की जबाबी फायरिंग में तीन बदमाशों के पैर में गोली लगी है, जिनका जिला अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से जल जीवन मिशन से लूटी गईं दस बोरा पीतल की टोंटियां समेत कई असलहे बरामद किए हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह ने बताया कि बुधवार की तड़के करीब 2 बजे मुखबिर की सटीक सूचना पर जब पुलिस ने डीह थाना क्षेत्र में डीह कस्बे के पास घेराबंदी करने पर कार सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरु कर दी। जवाबी कार्यवाही में कार सवार अक्षत मिश्रा और मोहित आर्या के पैर में गोली लगी और इनके साथ ही इनके अन्य तीन साथियाें संतोष, अभिषेक और अरविंद को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

आलोक सिंह के अनुसार इन बदमाशों ने जल जीवन मिशन के गोदाम पर धावा बोलकर पीतल की टोंटियां लूटी थीं और दो चौकीदारों को लहूलुहान कर दिया था। इस घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पांच टीमें गठित की गई थीं। उन्हाेंने बताया कि यह मुठभेड़ चल ही रही थी कि भदोखर थाना क्षेत्र में नहर भदोखर नहर पुलिया के पास भी बदमाशों के होने की खबर मिली। पुलिस ने जब इन्हें रोकने का प्रयास किया तो फायरिंग शुरू हो गई। जिसमें सराय मानिक निवासी प्रयागराज साहू पुलिस की गोली से घायल हो गया जबकि उसका साथी डीह निवासी सूरज गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से जल जीवन मिशन से लूटी गईं दस बोरा पीतल की टोंटियां, तीन अवैध तमंचा , दो जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस व घटना में प्रयुक्त एक चार पहिया वाहन व एक ई-रिक्शा लोडर बरामद किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे