home page

रात्रि ड्यूटी पर जा रहे बिजलीकर्मी की घेरकर हत्या, पट्टीदारों पर आरोप

 | 
रात्रि ड्यूटी पर जा रहे बिजलीकर्मी की घेरकर हत्या, पट्टीदारों पर आरोप


- बीरशाहपुर गांव में ट्यूबवेल के पास वारदात, जमीन विवाद में लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला

मीरजापुर, 22 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में देहात कोतवाली क्षेत्र स्थित बीरशाहपुर गांव में शनिवार रात रात्रि ड्यूटी पर जा रहे बिजलीकर्मी अतुल दुबे (35) की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। परिजनों ने जमीन विवाद में पट्टीदारों पर घेरकर हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस आरोपिताें की तलाश में जुटी है।

बीरशाहपुर निवासी अतुल दुबे सिटी ब्लॉक के मवैया पावर हाउस में सब-स्टेशन ऑपरेटर (एसएसओ) के पद पर तैनात थे। उनके पिता कृपाशंकर के अनुसार, शनिवार रात करीब 8:30 बजे अतुल ड्यूटी के लिए घर से निकले थे। घर से लगभग दाे साै मीटर दूर ट्यूबवेल के पास पहले से घात लगाए लोगों ने रास्ते में उन्हें घेरकर हमला कर दिया।

शोर सुनकर पिता, मां और पत्नी मौके पर पहुंचे। परिजनों ने आयुष दुबे, प्रमोद दुबे, उमाशंकर दुबे और उषा दुबे पर कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि हमलावर परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। परिजन घायल अतुल को अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजन के मुताबिक, अतुल का पट्टीदार प्रमोद दुबे से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। मामला न्यायालय में विचाराधीन है। अतुल की दो बेटियां हैं। परिवार ने सुरक्षा की मांग भी की है। एसपी सिटी योगेंद्र सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपिताें की तलाश में पुलिस टीम जुटी है।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा