मामूली विवाद में दादा-पाेते पर चाकू से हमला, दादा की माैत
लखनऊ, 12 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र में शनिवार को बाइक की मामूली टक्कर के बाद विवाद हो गया। इस दौरान एक युवक ने दादा-पोते पर चाकू से प्रहार कर दिया। इस घटना में दादा की मौत हो गई, जबकि पोता गंभीर रुप से घायल हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
अपर पुलिस उपायुक्त उत्तरी नवीन कुमार सिंह ने बताया कि आनंद हॉस्पिटल के पास रहने वाले मदन बिहारी तिवारी (70) अपने पोते संकल्प तिवारी (19) के साथ बाइक से जा रहे थे। मड़ियांव थाना क्षेत्रान्तर्गत सीतापुर रोड पर कृष्ण लोक कॉलोनी के सामने देशी शराब ठेके के पास एक व्यक्ति से बाइक की टक्कर हो जाने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान उस व्यक्ति ने चाकू से प्रहार कर मदन बिहारी तिवारी एवं उनके पौत्र संकल्प तिवारी को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए केजीएमयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान मदन बिहारी तिवारी की मृत्यु हो गई, जबकि संकल्प तिवारी का उपचार जारी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना पर पहुंचकर जांच की। घटना में शामिल व्यक्ति की पहचान मार्कण्डेय धर्मशाला के आसपास, केशवनगर निवासी राज कुमार उर्फ मलाई के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों से प्रार्थना पत्र प्राप्त कर फरार अभियुक्त के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के संबंध में सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य साक्ष्यों का संकलन करते हुए अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की दो टीमें उसकी तलाश में जुटी हुई हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

