बिजनौर : नहटौर- नूरपुर मार्ग पर चलती ट्रक से काजू- बादाम चोरी ,सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
बिजनौर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर के थाना नहटौर में नहटौर-नूरपुर मार्ग पर गांव बालापुर के पास चलती ट्रक से काजू-बादाम चोरी करने का मामला सामने आया है। तीन बाइक पर सवार होकर आए युवकों में से एक युवक चलती ट्रक पर चढ़ गया और उसमें रखी काजू-बादाम की बाल्टियां चोरी कर लीं। चोरी की यह घटना पास स्थित एक बैंक्वेट हॉल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपिेताें की पहचान करने में जुटी है।
नूरपुर से एक ट्रांसपोर्ट का ट्रक सामान लेकर नहटौर की ओर जा रहा था। गांव बालापुर के पास पहुंचने पर तीन बाइकों पर सवार कुछ युवक ट्रक के आसपास दिखाई दिए। आरोप है कि इनमें से एक युवक चलती ट्रक पर चढ़ गया और उसमें रखे काजू-बादाम चोरी कर लिए। इसके बाद वह ट्रक से उतरकर अपने साथियों के साथ फरार हो गया। बताया गया कि चोर सात बाल्टियां काजू की ले गए, जिनमें प्रत्येक बाल्टी की क्षमता 12 किलोग्राम थी। इसके अलावा 15 किलोग्राम बादाम भी चोरी किए गए। इस तरह कुल 99 किलोग्राम मेवे चोरी होने की बात सामने आई है |
ट्रक चालक सचिन कुमार जब ट्रांसपोर्ट पर पहुंचा तो सामान कम मिलने पर चोरी का पता चला। इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में चलती ट्रक से सामान चोरी किए जाने की घटना दिखाई देने की बात सामने आई है। उपनिरीक्षक संयम यादव ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में चोरी की घटना स्पष्ट दिखाई दे रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपिताें की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

