home page

बहराइच में गांजे की बड़ी खेप के साथ तस्कर गिरफ्तार, तलाश रहा था ग्राहक

 | 
बहराइच में गांजे की बड़ी खेप के साथ तस्कर गिरफ्तार, तलाश रहा था ग्राहक


बहराइच, 19 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में अपराध एवं मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में दरगाह शरीफ पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 15.07 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया। बरामद गांजा 15 पॉलीथिन के पैकेटों में रखा गया था।

पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त को थाना दरगाह शरीफ क्षेत्र में पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।

इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उसके पास से 15 पॉलीथिन के पैकेट मिले, जिनमें कुल 15.07 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपित की पहचान आशीष कुमार पुत्र स्वर्गीय कुंवर साहब, निवासी विशेश्वरगंज बाजार, थाना विशेश्वरगंज, जनपद बहराइच, उम्र करीब 40 वर्ष के रूप में हुई। उसने बताया कि ग्राहक तलाश रहा था। थानाध्यक्ष दरगाह अमितेन्द्र सिंह ने बताया कि बरामदगी के आधार पर थाना दरगाह शरीफ में मु0अ0सं0 376/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय रवाना किया गया।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA