सलवार-सूट पहनकर शराब की दुकान में घुसा चोर, 2.17 लाख रुपये लेकर फरार
औरैया, 12 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में दिबियापुर थाना क्षेत्र के कंचौसी बाजार स्थित कंपोजिट अंग्रेजी शराब की दुकान में चोरी की वारदात सामने आई है। बीती देर रात बुधवार करीब 1:28 बजे सलवार-सूट पहनकर दुकान में घुसे चोर ने काउंटर में रखे दो लाख 17 हजार रुपये पार कर दिए। चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। गुरुवार सुबह दुकान पहुंचने पर ताला टूटा और नकदी गायब मिलने पर संचालक ने पुलिस को सूचना दी।
दुकान संचालक उदय दीक्षित और सेल्समैन ब्रजेश कुमार के अनुसार, बुधवार रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर दोनों घर चले गए थे। काउंटर में दो लाख 17 हजार रुपये एक बैग में रखे थे। रात करीब 1:28 बजे सीसीटीवी फुटेज में सलवार-सूट पहने एक व्यक्ति दुकान के पीछे वाले दरवाजे से अंदर घुसा। आरोप है कि उसने दरवाजे का ताला तोड़कर काउंटर में रखा बैग निकाला और नकदी लेकर फरार हो गया।
गुरुवार सुबह दुकान पहुंचने पर पीछे के दरवाजे का ताला टूटा मिला। काउंटर से नकदी गायब देख संचालक ने कंचौसी पुलिस चौकी में तहरीर देकर चोरी का खुलासा करने की मांग की।
सूचना पर चौकी प्रभारी सौरभ सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुकान संचालक और सेल्समैन से पूछताछ कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास शुरू कर दिया है।
दिबियापुर थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

