रायबरेली में पूर्व सैनिक को डिजिटल अरेस्ट कर ठग लिए 82 लाख, पुलिस ने 31 लाख रुपये किये फ्रीज
रायबरेली, 20 अप्रैल(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद रायबरेली में सीबीआई अफसर बताकर साइबर ठगों ने पूर्व फौजी दंपत्ति को छह दिन तक डिजिटल अरेस्ट करके 82 लाख ठग लिए। पुलिस ने शिकायत मिलने पर जांच शुरू कर दी है और सर्विलांस से नंबरों और बैंक खातों को खंगाला जा रहा है। करीब 31 लाख को फ़्रीज करने में पुलिस को सफलता मिली है।
रायबरेली के शहर कोतवाली क्षेत्र के सम्राट नगर निवासी सेवानिवृत्त सैनिक सूर्यभान सिंह और उनकी पत्नी गायत्री देवी पर काला धन रखने और आतंकियों से संबंध होने का आरोप लगाते हुए साइबर अपराधियों ने खुद को सीबीआई का अधिकारी बताया और दंपत्ति को छह दिन तक डिजिटल अरेस्ट रखा और यही नहीं अपराधियों ने आतंकवादियों से संबंध और अवैध धन रखने के आरोप में पूरे परिवार को जेल भेजने की धमकी देकर बंधक बनाए रखा और किसी से मिलने जुलने नहीं दिया। साइबर अपराधियों ने दंपत्ति को लगातार वीडियो कॉल पर रखा गया और किसी से संपर्क न करने की सख्त हिदायत दी गई। डर और दबाव में आकर पीड़ित ने 11 से 16 अप्रैल के बीच कई किश्तों में लगभग 82.50 लाख रुपये अलग- अलग खातों में राशि ट्रांसफर कर दी। यह पैसा इंडसइंड बैंक नोएडा और यस बैंक की पश्चिम बंगाल स्थित शाखाओं के खातों में आरटीजीएस के जरिये भेजा गया है।
ठगों के चंगुल से मुक्त होने के बाद पीड़ित दंपत्ति पुलिस अधीक्षक रवि कुमार से मुलाकात कर खुद के ठगे जाने की घटना बतायी और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सोमवार को पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने बताया कि त्वरित कार्यवाही करते हुए करीब 31 लाख रुपये होल्ड करा दिए गए हैं, जबकि आगे की कार्यवाही की जा रही है।------------
हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे

