डीजल की कालाबाजारी करने वाले पिता-पुत्र गिरफ्तार
मीरजापुर, 16 मार्च (हि.स.)। जिले में अवैध रूप से डीजल की कालाबाजारी और मुनाफाखोरी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना कटरा पुलिस और जिला पूर्ति निरीक्षक की संयुक्त टीम ने सोमवार को पिकअप वाहन से 750 लीटर डीजल बरामद कर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पिता पुत्र हैं।
जिला पूर्ति निरीक्षक पुनीत चौरसिया ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन में अवैध रूप से डीजल ले जाकर उसकी कालाबाजारी की जा रही है। सूचना के आधार पर थाना कोतवाली कटरा पुलिस और जिला पूर्ति निरीक्षक की टीम ने रावर्टसगंज तिराहा के पास घेराबंदी कर पिकअप वाहन रोककर तलाशी ली।
इस दौरान वाहन में 11 गैलन और एक ड्रम में कुल 750 लीटर डीजल अवैध रूप से भंडारित पाया गया। मौके से पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान घुरहुपट्टी जोगीयाबारी कमला शंकर गुप्ता और उसके पुत्र शुभम गुप्ता के रूप में हुई है।
पुलिस ने बरामद डीजल और पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

