home page

लखीमपुर खीरी में एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई : डीएफओ नॉर्थ का बाबू 12 हजार की घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

 | 
लखीमपुर खीरी में एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई : डीएफओ नॉर्थ का बाबू 12 हजार की घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार


-ट्रांसफर के नाम पर सिपाही से मांगी थी रिश्वत

-लखनऊ की टीम ने बिलोवी हॉल के पास बिछाया जाल

लखीमपुर खीरी, 05 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत भ्रष्टाचार निवारण संगठन, लखनऊ मंडल की ट्रैप टीम ने ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए वन विभाग के एक घूसखोर बाबू को दबोच लिया। डीएफओ नॉर्थ कीर्ति चौधरी के कार्यालय में तैनात बाबू विक्रांत नेगी को टीम ने 12 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए बिलोवी हॉल के पास से रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

मामला मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा था, लेकिन बाबू की नीयत में खोट था। दुधवा नेशनल पार्क की स्पेशल टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स में तैनात सिपाही इंदल सिंह अपनी पत्नी की खराब तबीयत के चलते परेशान थे। वे अपना तबादला दुधवा से महेशपुर रेंज में कराना चाहते थे ताकि परिवार की देखभाल कर सकें। जब उन्होंने डीएफओ कार्यालय में तैनात बाबू विक्रांत नेगी से संपर्क किया, तो नेगी ने मदद के बजाय सुविधा शुल्क के रूप में 12 हजार रुपये की डिमांड कर दी।

पैसे न होने और बाबू की हठधर्मिता से तंग आकर सिपाही इंदल सिंह ने लखनऊ एंटी करप्शन टीम की शरण ली। टीम ने तुरंत जाल बिछाया और मंगलवार को योजना के तहत इंदल को पैसे लेकर बिलोवी हॉल के गेट पर भेजा। जैसे ही विक्रांत नेगी ने घूस की रकम अपने हाथ में ली, पहले से ही मुस्तैद एंटी करप्शन की टीम ने उसे दबोच लिया। रंगे हाथ पकड़े जाने पर बाबू के चेहरे की हवाइयां उड़ गईं।

मूल रूप से उत्तराखंड के हल्द्वानी निवासी आरोपी विक्रांत नेगी वर्तमान में फॉरेस्ट कॉलोनी लखीमपुर में रह रहा था। एंटी करप्शन टीम उसे लेकर कोतवाली सदर पहुंची। सदर कोतवाल ने बताया कि आरोपित के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने आरोपित का मेडिकल परीक्षण कराया है और उसे जेल भेजने की तैयारी की जा रही है। इस कार्रवाई से वन विभाग के अन्य कर्मचारियों और अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव