पॉक्सो एक्ट के वांछित को पुलिस ने दबोचा, पीड़िता पहले ही हो चुकी है बरामद
देवरिया, 11 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में तरकुलवा थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के एक वांछित को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित कई दिनों से पुलिस की गिरफ्तारी के डर से बाहर था। उसकी तलाश की जा रही थी। पुलिस ने उसे मुखबिर की सूचना पर पकड़ी बाबू नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया है।
क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान प्रदीप भारती उर्फ नीरज (22) पुत्र रामप्रवेश, निवासी बरनई मल्ल टोला, थाना महुआडीह के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना तरकुलवा में अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने बताया कि इस मामले से संबंधित पीड़िता को छह जून को सकुशल बरामद कर लिया गया था। इसके बाद से आरोपित की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए थे। गुरुवार को मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

